October 14, 2026

रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, मिठाई दुकानों और होटलों की होगी सघन जांच

1 min read
Spread the love

मिल्क स्वीट्स, कन्फेक्शनरी, होटल-रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड इकाइयों पर विशेष निगरानी

गरियाबंद, 18 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त के निर्देश पर ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत जिले में 23 अगस्त 2026 तक सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त, सुरक्षित एवं शुद्ध मिठाई तथा अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। विभाग की टीम द्वारा मिठाई दुकानों, कन्फेक्शनरी, नमकीन निर्माताओं, थोक एवं फुटकर विक्रेताओं, होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड इकाइयों का निरीक्षण किया जाएगा।

मिल्क स्वीट्स के नाम पर बिकने वाली मिठाइयों पर विशेष नजर

अभियान के दौरान ऐसी मिठाइयों की विशेष जांच की जाएगी, जिन्हें मिल्क स्वीट्स के नाम से बेचा जाता है, लेकिन उनमें वनस्पति तेल या वनस्पति वसा का उपयोग किया जाता है। इसके अलावा अवमानक मिठाइयों तथा बिना उचित लेबल के प्लास्टिक डिब्बों में भ्रामक नामों से बेची जा रही मिठाइयों की भी जांच होगी।

जांच के दायरे में काजू कतली, काजू बर्फी, मगज लड्डू, बर्फी, पेड़ा सहित अन्य प्रकार की मिठाइयां शामिल हैं।

होटल-रेस्टोरेंट में भी किया गया निरीक्षण

इसी क्रम में 17 अगस्त को जिला मुख्यालय गरियाबंद के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। खाद्य कारोबारियों को मिलावटी, अमानक, मिथ्याछाप एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण अथवा विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए।

मिठाइयों के निर्माण एवं खाद्य पदार्थों को तैयार करने के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए भी कारोबारियों को निर्देशित किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रतिष्ठान में लापरवाही, मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील

त्योहारी सीजन में मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उपभोक्ताओं से भी गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबल और निर्माण संबंधी जानकारी की जांच करने की अपील की गई है। विभाग का यह विशेष अभियान रक्षाबंधन तक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

Loading

RECENT POSTS

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.
error: Content is protected !!