November 25, 2026

खबर का असर: झोलाछाप क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग की दबिश, दवाइयां और इंजेक्शन जब्त; खबर छपते ही जागा महकमा!

1 min read
Spread the love

“अखबार में खबर छपी तो खुली स्वास्थ्य विभाग की नींद! झोलाछाप क्लिनिक पर छापा, दवाइयां-इंजेक्शन जब्त; अब बाकी गांवों की बारी कब?”

जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ बरमकेला// बरमकेला क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों के बढ़ते कारोबार और स्वास्थ्य विभाग की कथित निष्क्रियता को लेकर प्रकाशित खबर का आखिरकार असर दिखाई देने लगा है। 25 नवंबर को खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम हरकत में आई और ग्राम बिलाईगढ़-अ में संचालित पुरुषोत्तम पटेल के कथित अवैध क्लिनिक पर दबिश देकर टेबलेट, इंजेक्शन और डिस्पोजल सामग्री जब्त की।

गौरतलब है कि विकासखंड बरमकेला के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से बिना मान्यता और आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के इलाज किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई जगह तथाकथित डॉक्टर गंभीर बीमारियों का इलाज करने का दावा कर रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठ रहे थे।

इसी मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए 25 नवंबर को समाचार प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होते ही स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम ग्राम बिलाईगढ़-अ पहुंची और क्लिनिक की जांच कर दवाइयां एवं इंजेक्शन जब्त किए। जांच टीम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरिया के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ शर्मा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोंदा के सेक्टर प्रभारी संतोष प्रधान तथा सेक्टर पर्यवेक्षक दुर्गेश मेहर शामिल रहे।

टीम पहुंचने से पहले ही हट गए उपकरण? जांच में उठे सवाल

क्लिनिक में घुटने के दर्द सहित अन्य बीमारियों का इलाज किए जाने की शिकायतें थीं, लेकिन जांच के दौरान कोई विशेष चिकित्सकीय उपकरण बरामद नहीं होने की बात सामने आई। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या जांच टीम के पहुंचने से पहले ही क्लिनिक से उपकरण और अन्य सामग्री हटा दी गई थी? हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। अब विभाग को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

सिर्फ एक क्लिनिक पर कार्रवाई क्यों, बाकी गांवों की बारी कब?

ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई केवल एक क्लिनिक तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। मानिकपुर बड़े, साल्हेओना, गोबरसिंहा, बोंदा, तौंसीर और बड़े नवापारा सहित अन्य गांवों में संचालित संदिग्ध क्लिनिकों की भी जांच होनी चाहिए।

यदि विभाग के पास पहले से ही ऐसे क्लिनिकों की जानकारी और शिकायतें मौजूद हैं, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या ग्रामीणों की सेहत से खिलवाड़ होने का इंतजार किया जा रहा था? स्वास्थ्य विभाग को अब कागजी सूची से बाहर निकलकर धरातल पर कार्रवाई करनी होगी।

खबर के बाद कार्रवाई, अब अंजाम तक पहुंचे जांच

इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि स्वास्थ्य विभाग केवल औपचारिकता निभाकर मामला ठंडे बस्ते में नहीं डालेगा। जब्त दवाइयों की जांच, संबंधित व्यक्ति की चिकित्सकीय योग्यता, क्लिनिक के पंजीयन और इलाज के तरीके की भी विधिवत जांच होनी चाहिए। दोष प्रमाणित होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

जांच अधिकारी का बयान:

“सूचना के आधार पर उसके क्लिनिक की जांच की गई। जांच के दौरान टेबलेट, सुई, डिस्पो बरामद किया गया है। जांच प्रतिवेदन तैयार कर बीएमओ को सौंपा जाएगा।”

— डॉ. ऋषभ शर्मा, जांच अधिकारी

अब बड़ा सवाल: क्या स्वास्थ्य विभाग बरमकेला के अन्य गांवों में संचालित संदिग्ध क्लिनिकों पर भी इसी तरह कार्रवाई करेगा, या फिर यह कार्रवाई सिर्फ खबर प्रकाशित होने तक ही सीमित रह जाएगी?

Loading

More Stories

RECENT POSTS

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.
error: Content is protected !!