November 22, 2026

धान खरीदी में गड़बड़ी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन! ठठारी उपार्जन केंद्र प्रभारी कृष्ण कुमार पटेल हटाए गए, नए प्रभारी की नियुक्ति

1 min read
Spread the love

सक्ती। धान खरीदी शुरू होते ही उपार्जन केंद्रों में अनियमितताओं के मामले सामने आने लगे हैं। सक्ती जिले के ठठारी धान उपार्जन केंद्र में निरीक्षण के दौरान धान की तौल में गड़बड़ी पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए केंद्र प्रभारी कृष्ण कुमार पटेल को धान खरीदी कार्य से पृथक कर दिया है। उनकी जगह सोहित राम बरेठ को नया धान खरीदी प्रभारी नियुक्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को नायब तहसीलदार भोथिया द्वारा ठठारी उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान धान की बोरियों का वजन जांचने पर एक बोरी का वजन 41 किलो 200 ग्राम पाया गया। मौके पर कुल 46 बोरियों का वजन 18.90 क्विंटल दर्ज किया गया।

वहीं किसान राजेन्द्र कुमार चंद्रा का 14 नवंबर 2026 को 80.40 क्विंटल धान का टोकन काटा गया था। निरीक्षण के दौरान टोकन और मौके पर उपलब्ध धान के वजन में 50 किलोग्राम का अंतर सामने आया। जांच एवं पंचनामा के आधार पर अपर कलेक्टर ने केंद्र प्रभारी कृष्ण कुमार पटेल को धान खरीदी कार्य से पृथक करने का आदेश जारी किया।

गौरतलब है कि जिले में 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी शुरू हो चुकी है। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने सभी संबंधित अधिकारियों को पारदर्शी एवं व्यवस्थित खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन धान खरीदी में गड़बड़ी को लेकर सख्त रुख अपनाने का संदेश दे रहा है। अब देखना होगा कि जिले के अन्य उपार्जन केंद्रों में भी इसी तरह नियमित जांच होती है या फिर किसानों को अपनी उपज की सही तौल और पारदर्शी खरीदी के लिए इंतजार करना पड़ेगा।

Loading

RECENT POSTS

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.
error: Content is protected !!