November 12, 2026

किसान साफ और सूखा धान लेकर पहुंचें उपार्जन केंद्र, नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत जिले के 95 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

1 min read
Spread the love

सारंगढ़-बिलाईगढ़, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। सारंगढ़ विकासखंड के 30, बरमकेला के 27 और बिलाईगढ़ के 38 सहित जिले के कुल 95 उपार्जन केंद्रों में किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने धान उपार्जन के लिए गुणवत्ता और तौल संबंधी मानक निर्धारित किए हैं। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप साफ और सूखा धान ही केंद्रों में लेकर आएं, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुगमता और पारदर्शिता के साथ पूरी हो सके।

विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार धान में नमी की अधिकतम मात्रा 17 प्रतिशत होनी चाहिए। धान में अकार्बनिक और कार्बनिक विजातीय पदार्थों की अधिकतम सीमा अलग-अलग एक-एक प्रतिशत निर्धारित की गई है। अपरिपक्व, सिकुड़े और छोटे दानों की अधिकतम सीमा तीन प्रतिशत तथा निम्न श्रेणी के धान के मिश्रण की सीमा छह प्रतिशत रखी गई है। क्षतिग्रस्त, अंकुरित और चुने हुए दाने चार प्रतिशत से अधिक नहीं होने चाहिए। किसानों से धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।

खरीदी केंद्रों में तौल के दौरान प्रति बोरा धान की मात्रा 40 किलोग्राम रहेगी। नए जूट बारदाने का वजन 545 ग्राम से 626 ग्राम तक निर्धारित है। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे केंद्र में धान लाने से पहले उसकी अच्छी तरह सफाई और सुखाई कर लें तथा तौल के समय धान की मात्रा और बारदाने के वजन पर ध्यान दें। इससे उपार्जन केंद्रों में धान विक्रय की प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से पूरी हो सकेगी।

Loading

RECENT POSTS

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.
error: Content is protected !!