कैंसर की दवाइयों की खरीद-बिक्री पर ड्रग विभाग की नजर, छुरा के दो निजी अस्पतालों में औचक निरीक्षण ड्रग कंट्रोल ऑफिसर धर्मवीर सिंह ध्रुव ने खंगाले मेडिकल स्टोर के रिकॉर्ड, जांच में नहीं मिलीं एंटी-कैंसर दवाइयां
1 min read
छुरा। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार में उपयोग होने वाली दवाइयों की खरीद-बिक्री पर निगरानी रखने तथा औषधि कारोबार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छुरा में औचक निरीक्षण किया। ड्रग कंट्रोलर, खाद्य एवं औषधि प्रशासन रायपुर के निर्देशन में जिला गरियाबंद के ड्रग कंट्रोल ऑफिसर धर्मवीर सिंह ध्रुव ने छुरा स्थित दो निजी अस्पतालों के मेडिकल स्टोर का निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता एवं खरीद-बिक्री से संबंधित जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार, औषधि नियंत्रण अधिकारी ने लक्ष्मी नारायणा हॉस्पिटल एवं श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल के मेडिकल स्टोर में पहुंचकर मुख्य रूप से एंटी-कैंसर दवाइयों की खरीदी एवं बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान दोनों अस्पतालों के मेडिकल स्टोर में एंटी-कैंसर दवाइयां उपलब्ध नहीं पाई गईं।
वैध स्रोतों से दवा खरीदी और बिक्री पर विशेष जोर
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में उपयोग होने वाली दवाइयों की सप्लाई चेन पर निगरानी रखना तथा यह सुनिश्चित करना है कि इन दवाइयों की खरीद-बिक्री निर्धारित औषधि नियमों के अनुरूप और अधिकृत स्रोतों के माध्यम से ही हो। इसके साथ ही दवाइयों के क्रय-विक्रय से जुड़े दस्तावेजों एवं रिकॉर्ड की जांच कर औषधि कारोबार में नियमों के पालन की स्थिति का जायजा लेना भी इस कार्रवाई का हिस्सा रहा।
मरीजों की सुरक्षा को लेकर विभाग सतर्क
औषधि विभाग द्वारा किए जा रहे ऐसे औचक निरीक्षणों को दवाइयों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण और मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग की निगरानी से मेडिकल स्टोर संचालकों को भी औषधि नियमों का पालन करने और दवाइयों की खरीद-बिक्री का उचित रिकॉर्ड संधारित रखने का संदेश मिलता है।
![]()

