भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर ABVP मनेंद्रगढ़ ने किया माल्यार्पण एवं संगोष्ठी का आयोजन
1 min read
मनेंद्रगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई मनेंद्रगढ़ द्वारा जनजातीय गौरव एवं महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें उनके जीवन संघर्ष, विचारों, सामाजिक योगदान और समाज के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए नगर मंत्री महेश कौशिक ने कहा कि आज हम भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती मना रहे हैं। हमें उनके त्याग और संघर्ष को सदैव स्मरण रखना चाहिए। उन्होंने जंगल, जमीन, जनजातीय संस्कृति, सामाजिक चेतना और सामाजिक एकता के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका जीवन हमें अपने अधिकारों, संस्कृति और समाज के सम्मान के लिए जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। हमें उनके आदर्शों को केवल विचारों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने जीवन में भी अपनाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि समाज में परिवर्तन लाने की शुरुआत सबसे पहले स्वयं से करनी होगी। जब तक हम अपने विचारों, व्यवहार और जिम्मेदारियों में सकारात्मक बदलाव नहीं लाएंगे, तब तक एक अच्छे और विकसित समाज की कल्पना को साकार करना कठिन है। भगवान बिरसा मुंडा जी के बताए मार्ग पर चलने के लिए उनके विचारों को समझना और उन्हें अपने आचरण में उतारना आवश्यक है।
महेश कौशिक ने कहा कि किसी भी कार्यक्रम का उद्देश्य केवल तस्वीरें खिंचवाना या वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करना नहीं होना चाहिए। ऐसे आयोजनों का वास्तविक उद्देश्य समाज में सामाजिक चेतना जागृत करना और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना होना चाहिए। भगवान बिरसा मुंडा जी, स्वामी विवेकानंद जी और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर ही हम एक जागरूक, समरस और विकसित समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
संगोष्ठी में कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने, अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने, सामाजिक एकता बनाए रखने तथा राष्ट्र और समाज के प्रति युवाओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। उपस्थित सभी लोगों ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए स्वयं से शुरुआत करने और सामाजिक चेतना के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री महेश कौशिक, महाविद्यालय अध्यक्ष राजबली, नगर कार्यकारिणी सदस्य सुरेश, समय लाल, राजा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
![]()

