खैरटकला में जागरूकता और स्वास्थ्य गतिविधियों की धूम, CHO माधुरी ठाकुर ने कराया विविध कार्यक्रमों का आयोजन
1 min read

महावारी स्वच्छता से लेकर TB स्क्रीनिंग तक चला जनजागरूकता अभियान, महिलाओं-बच्चों और ग्रामीणों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
महासमुंद /खैरटकला। महावारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर जारी विभागीय निर्देशों के तहत AAM खैरटकला की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी माधुरी ठाकुर के नेतृत्व में बुधवार को विभिन्न जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं महिला स्वास्थ्य के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान म्यूजिकल चेयर गेम सहित मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। वहीं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देते हुए बालिकाओं एवं महिलाओं के महत्व पर चर्चा की गई। ग्रामीण महिलाओं ने फुगड़ी खेल में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महिलाओं एवं किशोरियों के लिए महावारी स्वच्छता (Menstrual Hygiene) विषय पर विशेष हेल्थ टॉक आयोजित की गई। इसमें मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, खान-पान, स्वच्छता संबंधी सावधानियों तथा प्रचलित गलत धारणाओं को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र में गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के महत्व का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों को संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में भी जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत हैंडवॉशिंग की सही तकनीक का प्रदर्शन कर लोगों को हाथ धोने के उचित तरीके और इसके महत्व के बारे में बताया गया। साथ ही TB स्क्रीनिंग सर्वे के माध्यम से संभावित टीबी मरीजों की पहचान एवं समय पर जांच कराने को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
CHO माधुरी ठाकुर ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ समुदाय की भागीदारी से जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और ग्रामीण समुदाय तक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संदेश आसानी से पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, महावारी प्रबंधन और टीबी से बचाव जैसे विषयों को मनोरंजक एवं सहभागी गतिविधियों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया गया।
![]()

