8 मई को रिलीज होगी बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोला लव होगे’, नए सितारों और दिग्गजों का धमाकेदार संगम
1 min read

छत्तीसगढ़ी सिनेमा में 8 मई को होगा बड़ा धमाका, अनुमोद फिल्म्स की ‘मोला लव होगे’ लेकर आ रही है रोमांस, परिवार और मनोरंजन का मेगा पैकेज
छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री को एक नई ऊंचाई देने जा रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मोला लव होगे’ अब रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। अनुमोद फिल्म्स के बैनर तले बनी यह भव्य छत्तीसगढ़ी फिल्म 8 मई को राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में एक साथ रिलीज होने जा रही है। निर्माता-निर्देशक अनुमोद राजवैद्य के अनुसार यह फिल्म छत्तीसगढ़ी सिनेमा की अब तक की सबसे अलग, ताजगी से भरी रोमांटिक और विशुद्ध पारिवारिक फिल्म साबित होगी, जिसमें मनोरंजन के हर रंग दर्शकों को देखने मिलेंगे।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका स्टारकास्ट है, जहां पहली बार इतने बड़े पैमाने पर नए और अनुभवी कलाकारों का अद्भुत संगम दिखाई देगा। फिल्म के नायक के रूप में छत्तीसगढ़ के नवोदित सुपरस्टार आयुष राजवैद्य डेब्यू कर रहे हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपने दमदार नाट्य अभिनय से पहले ही खास पहचान बना ली है। वहीं फिल्म की नायिका तिरांजली गोस्वामी हैं, जिनकी यह पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म है। भानुप्रतापपुर की इस प्रतिभाशाली अभिनेत्री को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता है।
फिल्म में छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सुपरस्टार करन खान, सशक्त अभिनेता रजनीश झांझी, संजय महानंद, पुष्पेंद्र सिंह, जागेश्वरी मेश्राम और विक्रम राज जैसे दिग्गज कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ी फिल्मों के 26 साल के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब करन खान और रजनीश झांझी एक साथ स्क्रीन शेयर करते दिखाई देंगे। यही वजह है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में चर्चा चरम पर है।
फिल्म की कहानी, पटकथा और निर्देशन स्वयं अनुमोद राजवैद्य ने किया है। ‘बिदाई’ जैसी चर्चित फिल्म के बाद बतौर निर्माता-निर्देशक यह उनकी दूसरी बड़ी पेशकश है, जबकि अनुमोद फिल्म्स के बैनर तले यह पहली फिल्म है। पूरी फिल्म का पिक्चराइजेशन छत्तीसगढ़ की खूबसूरत लोकेशनों पर किया गया है, जिससे स्थानीय मिट्टी की महक और संस्कृति हर फ्रेम में महसूस होगी।
फिल्म का संगीत भी रिलीज से पहले ही दर्शकों के दिलों में जगह बना चुका है। डोंट टच माय गगरी, मोला मुंबई घुमा दे राजा और नैना रे नैना जैसे तीनों गीत सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जा रहे हैं। अनुग्रह गिडियन, प्रदीप साठिया और ओंकार चौहान का संगीत, जबकि शेख अमीन, अनुराग शर्मा, सुनील सोनी, कंचन जोशी, दीक्षा धनगर और दीपिका धनगर की आवाज इन गीतों को और कर्णप्रिय बना रही है। गीतों के शानदार लोकेशन, समृद्ध फिल्मांकन और मनोज दीप की कोरियोग्राफी ने इन्हें विजुअल ट्रीट बना दिया है।
‘मोला लव होगे’ केवल एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि आज के पढ़े-लिखे युवा और उसके परिवारिक मूल्यों का प्रतिनिधित्व करने वाली फिल्म है। इसमें रोमांस है, एक्शन है, कॉमेडी है, थ्रिल है, सस्पेंस है और सबसे बड़ी बात यह कि यह पूरी तरह पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर फिल्म है, जिसे परिवार और बच्चों के साथ निश्चिंत होकर देखा जा सकता है।
राजधानी रायपुर की श्याम टॉकीज सहित सभी मल्टीप्लेक्स और छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों में 8 मई को एक साथ रिलीज होने जा रही इस फिल्म से दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘मोला लव होगे’ छत्तीसगढ़ी सिनेमा में नया इतिहास रचेगी। फिलहाल इतना तय है कि यह फिल्म दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देने वाली है।
![]()

