डिग्री का दावा, जांच की आहट और डॉक्टर गायब! झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची टीम के हाथ लगे सिर्फ खाली हाथ!
1 min read
क्लिनिक छोड़ घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, डॉक्टर नदारद; आखिर किसके संरक्षण में बेखौफ चल रहा था कथित अवैध इलाज का कारोबार?
जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़/बरमकेला। बिलाईगढ़ अ ग्रामीणों की सेहत से खिलवाड़ का मामला सामने आने के बाद आखिरकार स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी और कथित झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ जांच करने टीम गांव पहुंच गई। लेकिन कार्रवाई की उम्मीद लेकर पहुंची टीम को उस वक्त निराशा हाथ लगी, जब शिकायत के घेरे में आया डॉक्टर ही घर से गायब मिला। अब सवाल यह है कि जब जांच की भनक लगते ही डॉक्टर सामने नहीं आया, तो आखिर उसके क्लिनिक में चल रहे इलाज की सच्चाई कौन उजागर करेगा?
मामला ग्राम बिलाईगढ़-अ का है, जहां एक कथित झोलाछाप डॉक्टर द्वारा बिना मान्य चिकित्सकीय डिग्री के मरीजों का इलाज किए जाने की शिकायत सामने आई थी। ग्रामीणों का आरोप था कि उक्त व्यक्ति लंबे समय से लोगों का उपचार कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए गांव पहुंची, लेकिन डॉक्टर के क्लिनिक के बजाय उसके घर पहुंचने और वहां भी डॉक्टर के नहीं मिलने से जांच की पूरी कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई।
क्लिनिक छोड़ घर पहुंची टीम, डॉक्टर का कोई अता-पता नहीं!
बताया जा रहा है कि संबंधित क्लिनिक दूसरे मोहल्ले में संचालित होता है, लेकिन जांच टीम सीधे डॉक्टर के घर पहुंच गई। वहां डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। टीम को मौके पर कोई सुई, दवाइयां, टेबलेट या अन्य चिकित्सकीय उपकरण भी बरामद नहीं हुए। इसके बाद टीम पंचनामा तैयार कर वापस लौट गई।
बीएमओ ने बनाई जांच टीम, दोबारा जांच का दिया भरोसा
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएमओ डॉ. अवधेश पाणिग्राही ने जांच के लिए टीम गठित की थी। टीम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरिया के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ शर्मा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोन्दा के सेक्टर प्रभारी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। बीएमओ ने बताया कि क्लिनिक दूसरे मोहल्ले में होने की जानकारी मिली है। इसलिए टीम दोबारा क्लिनिक पहुंचकर जांच करेगी।
सवालों के घेरे में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई!
सबसे बड़ा सवाल यह है कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद जांच करने पहुंची टीम वास्तविक क्लिनिक तक क्यों नहीं पहुंच पाई? क्या संबंधित क्लिनिक की पूरी जांच हुई? क्या कथित डॉक्टर की शैक्षणिक योग्यता और चिकित्सकीय पंजीयन की पुष्टि की गई? अगर बिना वैध डिग्री के इलाज किया जा रहा था, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
ग्रामीणों की सेहत कोई प्रयोगशाला नहीं है, जहां बिना योग्यता के कोई भी व्यक्ति इलाज का प्रयोग करता रहे। जांच के नाम पर केवल घर पहुंचकर खाली हाथ लौटना पर्याप्त नहीं है। विभाग को क्लिनिक की वास्तविक स्थिति, दवाइयों, उपकरणों और डॉक्टर की योग्यता की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग की अगली टीम क्लिनिक तक पहुंचकर सच्चाई उजागर करती है या फिर यह मामला भी जांच और आश्वासन की फाइलों में दबकर रह जाएगा।
![]()
