पैसों के विवाद ने लिया खूनी रूप! टंगिया और लोहे की रॉड से युवक पर जानलेवा हमला, पिता-पुत्रों समेत तीन पर FIR
1 min read
सारंगढ़-बिलाईगढ़/सरसींवा। पैसों का लेनदेन और पुरानी रंजिश कब खूनी संघर्ष में बदल जाए, इसका एक गंभीर मामला सरसींवा थाना क्षेत्र के ग्राम झुमका से सामने आया है। यहां आपसी आर्थिक विवाद को लेकर 30 वर्षीय युवक पर टंगिया (कुल्हाड़ी), लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में युवक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्रों समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
घर से बुलाकर ले गए, फिर गली में शुरू हुआ विवाद!
मामला 24 नवंबर 2026 की रात करीब 7:30 बजे का बताया जा रहा है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम झुमका निवासी श्रीकांत जाटवर (30 वर्ष) का गांव के ही भरत रात्रे और टेकू रात्रे के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।
आरोप है कि इसी विवाद के बीच सवित रात्रे श्रीकांत को उसके घर से बुलाकर गांव के अटल चौक के पास गली में ले गया, जहां पहले से भरत रात्रे और टेकू रात्रे मौजूद थे। इसके बाद पैसों के लेनदेन की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कथित तौर पर एक राय होकर श्रीकांत पर टंगिया, लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें, डायल 112 से पहुंचाया अस्पताल
हमले में श्रीकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को संभालने में मदद की और डायल 112 की सहायता से उसे सरसींवा के रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेटे की हालत देखकर पिता लवकुश जाटवर (62 वर्ष) ने 25 नवंबर की तड़के करीब 1:55 बजे सरसींवा थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पिता-पुत्रों समेत तीन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर क्रमांक 0369/2026 के अनुसार, आरोपी भरत रात्रे, टेकू रात्रे और सवित रात्रे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 109(1), 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
इन धाराओं में हत्या के प्रयास, गाली-गलौज, आपराधिक धमकी और सामूहिक आशय से अपराध करने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।
पैसों का विवाद सुलझाने के बजाय हिंसा का रास्ता क्यों?
गांवों में आपसी लेनदेन को लेकर विवाद होना कोई नई बात नहीं है, लेकिन किसी आर्थिक विवाद का हथियारों से हमले तक पहुंच जाना बेहद गंभीर चिंता का विषय है। आखिर मामूली कहे जाने वाले पैसों के विवाद में किसी की जान लेने जैसी नौबत क्यों आ रही है? कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है।
फिलहाल सरसींवा पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि घटना के पीछे विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और हमले में आरोपियों की भूमिका कितनी रही।
![]()

